जीएसटी पोर्टल की तकनीकी खामियों से कारोबारी परेशान, आयुक्त से मांगी राहत

Advertisements

जमशेदपुर : जीएसटी पोर्टल पर पंजीकरण में संशोधन के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के जमशेदपुर आयुक्त आनंद कुमार से मुलाकात की। चैंबर ने पोर्टल की खामियों को दूर कर कारोबारियों को राहत देने की मांग की। आयुक्त ने शिकायतों को जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) के पास भेजकर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से पंजीकरण में संशोधन के लिए आवेदन करने वाले कारोबारियों को परेशानी हो रही है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

मानव केडिया के अनुसार, पहले मुख्य संशोधन की श्रेणी में आने वाले कई बदलावों को अब सामान्य संशोधन में शामिल कर दिया गया है। इसके बाद पोर्टल पर कई तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। कंपनियों के पंजीकरण में निदेशकों और प्रमोटरों का विवरण दिखाई नहीं दे रहा है, जबकि यह जानकारी पंजीकरण प्रमाणपत्र में दर्ज है। बैंक खाते का विवरण जोड़ने या बदलने पर पोर्टल कम से कम दो निदेशकों या प्रमोटरों की जानकारी मांग रहा है। सही कंपनी पहचान संख्या (सीआईएन) दर्ज करने पर भी उसे गलत बताया जा रहा है। वहीं, सही जीएसटी पहचान संख्या (जीएसटीआईएन) डालने के बावजूद ओटीपी सत्यापन के दौरान गलत जीएसटीआईएन का संदेश आ रहा है। इन समस्याओं के कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं और कारोबारी अपने जरूरी वैधानिक काम समय पर पूरा नहीं कर पा रहे हैं।

चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि पंजीकरण में संशोधन कारोबार की नियमित जरूरत है। सही दस्तावेज और जानकारी देने के बावजूद आवेदन आगे नहीं बढ़ना परेशानी का कारण बन रहा है। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य पीयूष गोयल शामिल थे। आयुक्त आनंद कुमार ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का भरोसा दिया।

About The Author

You may have missed