झारखंड में 15 में से 9 लौह अयस्क खदानें बंद, दोबारा नीलामी की तैयारी

जमशेदपुर : झारखंड में लौह अयस्क खनन की स्थिति चिंताजनक है। राज्य में स्वीकृत 15 लौह अयस्क खनन पट्टों में से 9 बंद पड़े हैं। यानी करीब 60 प्रतिशत खदानों में खनन कार्य नहीं हो रहा है। इसका असर सरकारी खनन राजस्व, औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार पर पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिला है, जहां कई बड़े खनन पट्टे लंबे समय से निष्क्रिय हैं।


खान एवं भू-तत्व विभाग ने बंद खदानों की समीक्षा करने की तैयारी की है। विभाग खासतौर पर उन पट्टाधारियों की स्थिति की जांच करेगा, जिन्होंने भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय स्वीकृति (ईसी) और वन स्वीकृति (एफसी) जैसी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद खनन शुरू नहीं किया है। इसमें एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2025 लागू होने से पहले स्वीकृत निष्क्रिय पट्टों की भी समीक्षा होगी। नियमों के तहत ऐसे पट्टे रद्द कर संबंधित खनन ब्लॉकों की दोबारा नीलामी कराई जा सकती है।
बंद खदानों में भी लौह अयस्क का बड़ा भंडार मौजूद है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, घाटकुड़ी, नोवामुंडी, मेरलगड़ा, बराईबुरु, करमपदा और अजिताबुरु समेत आठ प्रमुख खनन पट्टों में करीब 8.27 लाख टन लौह अयस्क का स्टॉक है। इनमें रुंगटा माइंस, निजी पट्टाधारियों और अन्य कंपनियों के खनन क्षेत्र शामिल हैं। कुछ खदानें नियमों के उल्लंघन और नियम 12 (1) (जीजी) के तहत कार्रवाई के दायरे में हैं, जबकि कुछ नो माइनिंग जोन, पर्यावरणीय एवं वन स्वीकृति की कमी और लीज अवधि समाप्त होने के कारण बंद हैं। खनन नहीं होने से सरकार को रॉयल्टी और नीलामी प्रीमियम का संभावित राजस्व नहीं मिल रहा है। इसके अलावा परिवहन, खनिज प्रसंस्करण और स्थानीय रोजगार भी प्रभावित हो रहे हैं।


