न्यूनतम मजदूरी की मांग पर विजयश्री ऑटोकॉम के मजदूरों ने किया अनिश्चितकालीन धरना

जमशेदपुर : औद्योगिक क्षेत्र के उषा मोड़ स्थित विजयश्री ऑटोकॉम लिमिटेड कंपनी में न्यूनतम मजदूरी लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को मजदूरों ने आंदोलन शुरू कर दिया। मजदूरों ने कंपनी का मुख्य गेट जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। उनका आरोप है कि तीन माह पहले श्रम विभाग और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई त्रिपक्षीय वार्ता में प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं किया गया।


गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का आरोप है कि उन्हें सरकारी मानकों के अनुसार न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। धरना स्थल पर झामुमो नेताओं ने कहा कि मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रबंधन से निर्धारित न्यूनतम मजदूरी और अन्य जायज अधिकार तत्काल देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक कंपनी गेट पर धरना जारी रहेगा।
आंदोलन में झामुमो जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश महली, गणेश चौधरी, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, अमृत महतो, वीरेंद्र प्रधान, जगदीश महतो, बबलू प्रधान, अभि मुखी, शंभू टुडू, होपना बेसरा, कृष्णा महतो, अनिल सोरेन, डिब्बा सोरेन, मोकरा सोरेन और प्यारे लाल प्रधान समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और मजदूर शामिल हुए।


