26 लाख की पीसीसी सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

Advertisements

भंडरा (लोहरदगा) : भंडरा प्रखंड के उदरंगी और भंडरा पंचायत अंतर्गत छोटा अंबेरा हरिजन टोली से लड़ाई टांगर तक करीब 26 लाख रुपये की लागत से बन रही पीसीसी सड़क के निर्माण में ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषी संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के बाद पहली बार गांव में सरकारी विभाग की ओर से पक्की सड़क बनायी जा रही है। इससे पहले ग्रामीणों ने श्रमदान कर आवागमन के लिए कच्चा रास्ता तैयार किया था। बाद में एनआरआइपी विभाग ने पीसीसी सड़क निर्माण के लिए निविदा निकाली थी।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक निर्धारित मानकों की अनदेखी कर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है। उनका कहना है कि विभागीय प्राक्कलन के अनुसार सड़क निर्माण से पहले आठ इंच जीएसबी गिट्टी और डस्ट का मिश्रण बिछाकर पानी का छिड़काव तथा रोलर से दबाव देने के बाद पीसीसी किया जाना चाहिए। इसके विपरीत संवेदक पर जीएसबी की परत बिछाए बिना मिट्टी भरी जमीन पर ही पीसीसी करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर केवल आधा से एक इंच डस्ट डालकर निर्माण कराया गया है। लाल भीमनाथ शाहदेव, सुभाष भगत, संजय उरांव, गोवर्धन लोहरा और उमेश लोहरा सहित अन्य ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने पर बरसात में सड़क जल्द खराब हो सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले इसी गांव में हाथी ने चार लोगों को कुचलकर मार दिया था। ऐसे में गांव तक बेहतर सड़क का निर्माण उनके लिए बेहद जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में लापरवाही होने से भविष्य में आवागमन की समस्या बनी रह सकती है। सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित विभाग और संवेदक की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।

About The Author

You may have missed