कैश लेकर एटीएम जा रहे कर्मी से दिनदहाड़े 21.40 लाख रुपये की लूट

बोकारो : माराफारी थाना क्षेत्र में बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास शनिवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने हीटाची कंपनी के कर्मी विजय कुमार से 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से कैश लेकर कुर्मीडीह और बालीडीह के एटीएम में डालने जा रहे थे। आरोप है कि पल्सर बाइक पर आए अपराधियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज और हाथापाई की, फिर पूरी रकम लेकर भाग गए।


पीड़ित के अनुसार, दो दिन बैंक बंद रहने के कारण इस बार सामान्य से ज्यादा रकम निकाली गई थी। सूचना मिलने पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार और माराफारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान में जुटी है। डीएसपी ने कहा कि यह भी जांच होगी कि इतनी बड़ी रकम ले जाते समय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ था या नहीं।


