मानगो छोटे पुल पर बच्चे संग पहुंची महिला, राहगीरों ने सुरक्षित बचाया

जमशेदपुर : मानगो छोटे पुल पर सोमवार को एक महिला अपने एक साल के बच्चे के साथ नदी किनारे पहुंच गयी। महिला की स्थिति देखकर वहां मौजूद राहगीरों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और महिला व बच्चे को सुरक्षित बचा लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले महिला वहां से चली गयी। घटना के बाद कुछ देर तक पुल पर लोगों की भीड़ जमा रही।


बताया जाता है कि महिला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा की रहने वाली है। महिला ने बताया कि वह अपने पति के व्यवहार और पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान थी। जानकारी के मुताबिक उसके पति पेंटिंग का काम करते हैं। महिला के अनुसार, पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह काफी तनाव में थी। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुल पर मौजूद लोगों ने महिला को समझाया और बच्चे के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहगीरों की तत्परता से दोनों सुरक्षित रहे। पुलिस महिला से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी लेने और पारिवारिक विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर महिला की परेशानी के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


