टाटा मोटर्स में बोनस पर आज फिर अहम बैठक, सहमति बनी तो समझौते पर लग सकती है मुहर

जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के सालाना बोनस समझौते को लेकर आज स्थिति साफ होने की संभावना है। बोनस फॉर्मूले और प्रतिशत पर अंतिम सहमति के लिए प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच दोपहर 1:30 बजे एक बार फिर महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। सूत्रों के अनुसार, बोनस वार्ता आज सुबह 10:00 बजे शुरू हुई थी। पहले दौर में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन कुछ बिंदुओं पर सहमति नहीं बनने के कारण अंतिम फैसला नहीं हो सका। इसके बाद दूसरे दौर की वार्ता के लिए दोपहर 1:30 बजे का समय तय किया गया।


यूनियन सूत्रों के मुताबिक, प्रबंधन के साथ बातचीत को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की कोशिश जारी है, हालांकि आज ही 100% सहमति बनने को लेकर संशय है। दोपहर की बैठक में सभी बिंदुओं का समाधान निकलने पर आज ही बोनस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर हो सकते हैं। अगर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनती है तो कल छुट्टी होने के कारण मामला सोमवार तक टल सकता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी के स्थायी कर्मचारियों को 12.3% बोनस मिला था। इसके आधार पर औसत बोनस 50,160 रुपये और अधिकतम बोनस 75,223 रुपये था। लगभग 1200 बाई सिक्स कर्मियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिला था, जबकि सुपरएनुएशन के दायरे में आए करीब 225 कर्मचारियों को 15,085 रुपये की दर से अनुदान राशि दी गई थी।
जमशेदपुर औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों में बोनस को लेकर कर्मचारियों की उत्सुकता बढ़ी हुई है और यूनियन नेताओं पर कर्मचारियों का दबाव भी देखा जा रहा है। टाटा मोटर्स के अलावा टाटा कमिंस, टिमकेन और टीएसडीपीएल में अभी बोनस समझौता होना बाकी है। वहीं, शहर की कई बड़ी कंपनियों में बोनस समझौते के साथ भुगतान भी हो चुका है।


