रात के अंधेरे में नदी घाट से बालू उठाव का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच की मांग की

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के हुरलुंग पंचायत के लुपुंगडीह नदी घाट से रात के अंधेरे में कथित रूप से बालू का अवैध उठाव और परिवहन किए जाने का आरोप लगा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि देर रात ट्रैक्टरों के जरिए बालू उठाया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ लोगों ने देर रात बालू से लदे वाहनों को देखा, जिसके बाद इलाके में इसे लेकर सवाल उठने लगे।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लुपुंगडीह के स्थानीय ग्राम प्रधान की ओर से कथित तौर पर प्रति ट्रैक्टर 500 से 700 रुपये लिए जाने की सूचना है। उनका कहना है कि इसी रकम को लेकर कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था। हालांकि, इन आरोपों की सच्चाई क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। ग्रामीणों का सवाल है कि अगर बिना अनुमति या नियमों के खिलाफ बालू उठाया जा रहा है, तो इसकी निगरानी करने वाले विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि बालू उठाव का विरोध करने या इसकी शिकायत करने वाले ग्रामीणों पर कथित रूप से दबाव बनाया जाता है और धमकी दी जाती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग और पुलिस प्रशासन से लुपुंगडीह नदी घाट पर रात के समय होने वाले बालू उठाव की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घाट पर खनन की अनुमति, बालू उठाव की वैधता, परिवहन और कथित रूप से वसूली जा रही रकम की जांच होनी चाहिए। जांच में खनन नियमों का उल्लंघन या अवैध वसूली के आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।


