सीसीटीवी में छह संदिग्ध दिखने का दावा, चोरी के बाद अधिवक्ता ने परिवार की सुरक्षा पर जताई चिंता

पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में 13 सितंबर की देर रात हुई कथित हाउस ट्रेसपास और चोरी की घटना के बाद परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। मंगलवार को अधिवक्ता और उनके परिजनों ने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। परिजनों के अनुसार घर से करीब 95 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं।


जावेद जमाल ने बताया कि घटना के दौरान घर में मौजूद लोगों की आंखों में जलन समेत अन्य प्रतिकूल प्रभाव महसूस हुए। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपियों ने घटना के दौरान किसी तरह के रासायनिक पदार्थ का इस्तेमाल किया हो सकता है। परिवार के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की शुरुआती फुटेज देखने पर छह संदिग्ध लोगों को घर और परिसर के आसपास घूमते देखा गया है। इनमें एक संदिग्ध बाहर तथा पांच अन्य अंदर की ओर जाते नजर आने का दावा किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:35 से 2 बजे के बीच तीन बार टॉर्च की रोशनी दिखाई देने की बात भी परिजनों ने कही है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
अधिवक्ता जावेद जमाल और उनके परिजनों का कहना है कि मामला केवल चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार की सुरक्षा से भी जुड़ा है। सैयद समीउल्लाह, सुनील महतो, दिशोम गुरु रिसर्च फाउंडेशन के महासचिव एमआरएम आलम और पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो ने भी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। एमआरएम आलम ने कहा कि यदि तीन दिनों में ठोस प्रगति नहीं होती है तो मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।


