आत्महत्या रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान, 17 स्कूल-कॉलेज जुड़े; 10 सितंबर को मुख्य समारोह

जमशेदपुर : ‘जीवन आत्महत्या रोकथाम केंद्र, जमशेदपुर’ ने विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (WSPD) के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या की रोकथाम को लेकर जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों की शृंखला शुरू की है। कार्यक्रमों की शुरुआत 29 अगस्त को आर.एम.एस. स्कूल, खुंटाडीह में आयोजित प्रतियोगिता से हुई। इसमें एनिमेटेड स्टोरी बोर्ड, कहानी लेखन, मानसिक स्वास्थ्य सुपरहीरो की प्रस्तुति और कक्षा में भावनाओं पर आधारित शिक्षकों का सत्र शामिल रहा। प्रतियोगिता में 17 विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों ने भाग लिया। संगठन के अनुसार, उसकी पहल के बाद विद्यार्थियों की आत्महत्या की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी देखी गई है।


सितंबर के दौरान विद्यार्थियों की कुल 14 जागरूकता रैलियां आयोजित करने की योजना है। इन रैलियों के जरिए प्ले-कार्ड और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। DBMS Career Academy, Vivek Vidyalaya समेत कई संस्थानों के विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया है।
अभियान का मुख्य समापन कार्यक्रम 10 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में डीसी (पूर्वी सिंहभूम) श्री राजीव रंजन, मुख्य अतिथि श्री अतुल भटनागर (एम.डी., TSUISL) और डॉ. अंगद तिवारी (प्रो-वाइस चांसलर, अरका जैन यूनिवर्सिटी) उपस्थित रहेंगे। इस दौरान जीवन संगठन अपनी वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा और समाज को रोकथाम अभियान से अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने के लिए नए सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले छात्रों और जागरूकता अभियान में सहयोग करने वाले संस्थानों को सम्मानित भी किया जाएगा।


