जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 54 छात्राओं को मिलेगा स्वर्ण पदक, 4 शोधार्थियों को पीएचडी

जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 8 सितंबर 2026 को XLRI ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार करेंगे, जबकि CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। शनिवार को विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा प्रांगण स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में कुलपति प्रो. इला कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि समारोह के लिए कुल 1100 छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 54 छात्राओं को स्वर्ण पदक मिलेगा और पहली बार विश्वविद्यालय की चार शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।


कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर NEP पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। समारोह में डिजिटल डिस्प्ले की व्यवस्था रहेगी। पहली बार चांसलर की उपाधि, NSS स्वयंसेवकों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राओं को विश्वविद्यालय के लोगो वाले अंगवस्त्र दिए जाएंगे, जबकि अर्थशास्त्र की टॉपर छात्रा को डॉ. रेखा झा मेडल प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने छात्राओं के कौशल विकास के लिए दो एमओयू के तहत ड्रोन स्किल और ISRO स्पेस सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की योजना बनाई है। इन पाठ्यक्रमों को सुबह या शाम के समय संचालित करने की योजना है। कुलपति ने बताया कि छात्राओं को लंबे समय तक विश्वविद्यालय से जोड़े रखने के लिए एलुमनाई नेटवर्क के माध्यम से भी पहल की जाएगी और सरकार के निर्देशों के अनुरूप सभी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।


