तेज रफ्तार कार की टक्कर में 5 वर्षीय बच्ची की मौत, महिला पुल से नदी में गिरी

घाटशिला : पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर-घाटशिला मुख्य मार्ग पर बुधवार रात अमाईनगर स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और दो बाइक को टक्कर मारने के बाद नदी का जलस्तर देख रहे एक परिवार को भी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 40 वर्षीय सुष्मिता सिन्हा पुल से उछलकर स्वर्णरेखा नदी में जा गिरीं। उस समय नदी में बाढ़ और तेज बहाव था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की और करीब दो घंटे बाद सुष्मिता घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर नदी किनारे मिलीं।


बताया गया कि बुधवार रात करीब 9 बजे सुष्मिता सिन्हा अपने पति सुब्रतो सिन्हा और बच्चों के साथ बाइक से अमाईनगर पुल पहुंची थीं। हादसे में परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल यानी TMH ले जाया गया। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे इलाज के दौरान उनकी पांच वर्षीय बेटी श्रेया की मौत हो गई। सुब्रतो सिन्हा भी गंभीर रूप से घायल हैं और परिजनों के अनुसार उनका ऑपरेशन होना है। सुष्मिता सिन्हा का भी इलाज और ऑपरेशन किया जाना है, जबकि परिवार के चार वर्षीय बेटे की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। स्कूटी और दो बाइक सवारों समेत हादसे में कुल सात लोगों के घायल होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने कार चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार में चालक के अलावा तीन से चार युवक सवार थे और वे भी नशे की हालत में थे। हालांकि नशे में वाहन चलाने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी और टक्कर के बाद उसका टायर भी ब्लास्ट हो गया। घाटशिला थाना पुलिस हादसे के कारणों, चालक की स्थिति और वाहन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


