नाबालिग से बाल मजदूरी और मारपीट का आरोप, दारोगा दंपती सस्पेंड; FIR भी दर्ज



चतरा : नाबालिग बच्ची से बाल मजदूरी कराने और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोप में एसपी अनिमेष नैथानी ने महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज और उनके एसआई पति टीपू अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया है। बाल कल्याण समिति की शिकायत और एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।


बीते रविवार को बाल कल्याण समिति की टीम ने दारोगा दंपती के सरकारी आवास पर छापेमारी कर एक नाबालिग बच्ची को रेस्क्यू किया था। बच्ची के चेहरे पर चोट के गहरे निशान पाए गए। रेस्क्यू के बाद बच्ची ने अपने साथ प्रताड़ना और जबरन घरेलू काम कराने की बात बताई। उसका मेडिकल कराने के बाद उसे सुरक्षित सीसीआई भेज दिया गया है। एसपी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।


