एयर होस्टेस बनने का मौका, युवाओं के लिए शुरू होगी नई ट्रेनिंग






रांची : झारखंड में युवाओं के लिए एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ट और ग्राउंड क्रू का रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण शुरू होने जा रहा है। नागर विमानन प्रभाग के अंतर्गत झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के एयर होस्टेस एवं ग्राउंड क्रू ट्रेनिंग प्रभाग ने डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली है। चयनित अभ्यर्थियों की पहली वरीयता सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जा सकती है।


प्रशिक्षण अगले महीने से शुरू होने की संभावना है। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अंग्रेजी, आत्मविश्वास और विमानन क्षेत्र के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एसपी सिन्हा के अनुसार, देश में विमानन क्षेत्र के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद युवाओं के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग और एविएशन हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।


