वार्ड 32 में ईमानदारी की मिसाल: राजदेव ठाकुर ने लौटाए 3000 रुपये और जरूरी कागजात






आदित्यपुर : वार्ड 32, रोड नंबर 16 के निवासी श्री राजदेव ठाकुर ने ईमानदारी और मानवता की बेहतरीन मिसाल पेश की है। हुआ यूं कि रोड नंबर 16 में भवानी हार्डवेयर से आगे मां दुर्गा मेडिकल के पास किसी अनजान व्यक्ति के जरूरी कागजात – आधार कार्ड, पैन कार्ड, परिवार के सदस्यों के दस्तावेज, पोस्ट बैंक का एटीएम कार्ड और 3000 रुपये नगद सड़क पर गिर गए थे। श्री राजदेव ठाकुर जी को वे कागजात और पैसे मिले। उन्होंने ईमानदारी दिखाते हुए उसे अपने पास सुरक्षित रख लिया और इसकी सूचना वार्ड पार्षद श्रीमती मालती देवी को दी। उन्होंने आग्रह किया कि आधार कार्ड पर पता पोटका थाना अंतर्गत कालिकापुर का है, जो काफी दूर है, कृपया सही व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करें। पार्षद महोदया ने यह बात अपने पुत्र श्री विष्णु देव गिरी को बताई। विष्णु देव गिरी ने अपने स्तर पर लोगों से पूछताछ कर कालिकापुर के जनप्रतिनिधि श्री धीरेन भकत से संपर्क किया। श्री भकत ने अपने गांव में खोजबीन कर पता लगाया कि वे कागजात शंकर मुर्मू जी के हैं।


आज दिनांक 22 अगस्त 2026, शनिवार प्रातः 11 बजे, पार्षद श्रीमती मालती देवी, गणमान्य व्यक्ति श्री श्याम बिहारी सिंह, श्री सतीश कुमार सिन्हा, श्री सचिंद्र झा की उपस्थिति में श्री राजदेव ठाकुर जी को सम्मानित किया गया और उनके द्वारा गरीब मजदूर शंकर मुर्मू जी को उनके खोए हुए सभी कागजात व 3000 रुपये लौटा दिए गए। कागजात पाकर शंकर मुर्मू जी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “आज के समय में इतनी ईमानदारी मिलना मुश्किल है। कोई और होता तो पैसे रख लेता और कागजात फेंक देता। 40 किलोमीटर दूर होने के बावजूद आप लोगों ने मुझे खबर की और मेरा सामान सही सलामत लौटाया, मैं आप सभी का आभारी हूं।”
अंत में खुशी-खुशी शंकर मुर्मू जी श्री राजदेव ठाकुर, वार्ड 32 की जनता और पार्षद महोदया का आभार प्रकट करते हुए अपने घर लौट गए। इस पूरे नेक कार्य में श्री विष्णु देव गिरी की अहम भूमिका रही।


