जिल्लत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं कुलूपटांगा बस्ती रोड नं-19 आदित्यपुर 2 के निवासी, सड़क-नाली के लिए उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन






आदित्यपुर: आदित्यपुर के कुलूपटांगा, रोड नंबर-19 के निवासी आज नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बरसात होते ही पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है। नाला पूरी तरह भर चुका है, नालियों में गंदगी जमी है, जिससे पैदल चलना भी दुर्भर हो गया है। गली का पानी नाली से निकलकर सीधे सड़क पर बहता रहता है।


बस्ती वासियों का कहना है कि जिंदल कंपनी द्वारा सड़क की तोड़फोड़ की गई थी, लेकिन उसके बाद आज तक सड़क नहीं बनाई गई। कई गलियों में तो आज तक सड़क बनी ही नहीं है।
इसी सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर बस्ती के प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक महोदय और महापौर महोदय श्री संजय सरदार जी को ज्ञापन सौंपा। बस्ती वासियों ने पिछले 12 वर्षों के दौरान तीन पार्षदों के कार्यकाल में दिए गए ज्ञापन, पूर्व और वर्तमान पार्षद को दिए गए ज्ञापन तथा आयुक्त को दी गई प्रतिलिपि भी दिखाई।
इस पर महापौर श्री संजय सरदार जी ने कहा कि अभी फंड का अभाव है। उन्होंने कहा कि “आप लोग 12 साल रुके हैं, 1 साल और रुक कर 13 साल होने दीजिए, हम पूरी कोशिश करेंगे, कहीं से फंड लाकर बना दिया जाएगा।” बस्ती वासियों का कहना है कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
आश्वासन से निराश होकर आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को प्रतिनिधिमंडल सरायकेला समाहरणालय पहुंचा और उपायुक्त महोदय श्री सतीश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपायुक्त महोदय श्री सतीश कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि वे नगर आयुक्त को इस संबंध में आदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि “आप लोग निश्चिंत होकर जाइए, आपका सड़क और नाली का काम जल्द ही होगा।” यह सुनकर प्रतिनिधिमंडल प्रसन्नतापूर्वक धन्यवाद देते हुए लौटा।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे:
श्री दीपक कुमार, श्री रामनाथ प्रसाद, श्री संजय ठाकुर, श्री विष्णुदेव गिरी और विवेक कुमार सहित अन्य बस्ती वासी।


