अरका जैन विश्वविद्यालय में नए विद्यार्थियों का भव्य स्वागत,पांच दिवसीय ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम शुरू

जमशेदपुर: अरका जैन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एवं स्कूल ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज की ओर से नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए पांच दिवसीय ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें अंग्रेजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, फैशन डिजाइन, ऑप्टोमेट्री और बायोटेक्नोलॉजी विभागों के नए विद्यार्थी शामिल हुए।

कार्यक्रम के पहले दिन कोल्हान विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग एवं सांस्कृतिक अध्ययन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आर. एस. दयाल और जमशेदपुर आई हॉस्पिटल के चीफ सेक्रेटरी एवं सुपरिंटेंडेंट डॉ. एस. पी. जखनवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. आर. एस. दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बदलते समय के अनुसार विद्यार्थियों को खुद को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ नए कौशल सीखना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों से सीखने और उनके मार्गदर्शन का सम्मान करने की सलाह दी।
डॉ. एस. पी. जखनवाल ने ऑप्टोमेट्री के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में अच्छे और योग्य ऑप्टोमेट्रिस्ट की जरूरत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि ऑप्टोमेट्रिस्ट लोगों की आंखों की देखभाल, दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान और सही समय पर उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीक और बदलती जरूरतों के अनुसार लगातार सीखते रहने की सलाह दी।
स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज के डीन एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल अमीन ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि अनुशासन और लगातार मेहनत सफलता की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि एक बेहतरीन प्रोफेशनल बनने के साथ-साथ एक अच्छा और बेहतर इंसान बनना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व के विकास पर ध्यान देने की सलाह दी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन प्रो. (डॉ.) एस. एस. रजी, कुलपति प्रो. (डॉ.) ईश्वरन अय्यर, निदेशक एवं रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, प्रो वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) अंगद तिवारी, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी ऋचा गर्ग, संयुक्त कुलसचिव डॉ. जसबीर सिंह धंजल सहित विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष और शिक्षक उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक, प्रेरणात्मक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के माहौल से परिचित कराना और उनके नए शैक्षणिक सफर की अच्छी शुरुआत करना है।


