JPSC-JSSC गड़बड़ी मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, फरार रविशंकर और संतोष के घर छापेमारी






मेदिनीनगर : JPSC और JSSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात और रविवार को छापेमारी की। पुलिस ने शहर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित रविशंकर कुमार और हमीदगंज स्थित संतोष कुमार सिंह के घर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी वहां नहीं मिले। यह कार्रवाई अदालत से जारी वारंट के आधार पर की गई।


शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के अनुसार इससे पहले बुधवार को भी दोनों के ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। आरोपियों के नहीं मिलने पर रविशंकर के माता-पिता और संतोष के ससुर को उन्हें जल्द अदालत में सरेंडर कराने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले 3 अगस्त को हुई छापेमारी में दोनों के ठिकानों से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे।
रविशंकर कुमार रांची में एक कोचिंग संस्थान चलाता है, जहां JPSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। वहीं संतोष कुमार सिंह नौडीहा प्रखंड में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


