मालवाहक चालकों से 200 रुपये मांगने का आरोप, पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल; SP ने दिए जांच के आदेश






देवघर : मालवाहक वाहनों के चालकों से कथित अवैध वसूली करते एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो की प्रमाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद एसपी प्रवीण पुष्कर ने इसे गंभीरता से लेते हुए CCR DSP लक्ष्मण प्रसाद को जांच का निर्देश दिया है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।


वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर मालवाहक चालकों से 200-200 रुपये मांगते दिखाई दे रहे हैं। चालकों द्वारा 100-100 रुपये देने की बात कहने पर फाइन कराने की धमकी देने का भी आरोप है। वीडियो में एक चालक से 100 रुपये लेते हुए भी पुलिसकर्मी दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी फिलहाल PCR पुलिस वाहन चलाता है, हालांकि उसका नाम अभी सामने नहीं आया है।
CCR DSP लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि एसपी ने उन्हें मामले की जांच सौंपी है। स्वतंत्रता दिवस की व्यस्तता के कारण वह तत्काल वीडियो नहीं देख सके थे। उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच करने के बाद मामले से जुड़ी स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इसके बाद ही आरोपों और संभावित कार्रवाई को लेकर आगे की जानकारी सामने आएगी।


