टाटा मोटर्स का बड़ा धमाका, पहली तिमाही में मुनाफा 83% उछला; Iveco डील पर भी अपडेट



जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ 83% बढ़कर ₹2,556 करोड़ पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह ₹1,397 करोड़ था। इस दौरान कंसोलिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू 19% बढ़कर ₹20,667 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले ₹17,324 करोड़ था। मुनाफे में बढ़ोतरी में टाटा कैपिटल में निवेश से मिले मार्क-टू-मार्केट लाभ का भी योगदान रहा। कमर्शियल व्हीकल की थोक बिक्री 26% बढ़कर 1,08,700 यूनिट रही। घरेलू बिक्री में 26% और निर्यात में 35% की वृद्धि दर्ज की गई।


कंपनी ने तिमाही के दौरान 3,400 से अधिक इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल के ऑर्डर हासिल किए। ई-एससीवी कारोबार ने मई और जून में करीब 10% हिस्सेदारी के साथ अब तक का अपना सबसे मजबूत प्रदर्शन किया, जबकि पहली तिमाही में इस सेगमेंट में टाटा मोटर्स की बाजार हिस्सेदारी करीब 47% रही। कंपनी ने Ace Gold+ XL, Intra V40 और Intra EV भी पेश किए। वहीं, लखनऊ प्लांट ने 10 लाख कमर्शियल व्हीकल के उत्पादन का आंकड़ा पार किया और इंडोनेशिया के ऑर्डर की डिलीवरी शुरू हुई। एचपीसीएल के साथ इस्तेमाल किए गए ऑटोमोटिव लुब्रिकेंट के लिए सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल विकसित करने की साझेदारी भी की गई।Iveco सौदे को लेकर टाटा मोटर्स ने बताया कि नियामकीय मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और केवल एक मंजूरी बाकी है। कंपनी को अगस्त 2026 के अंत तक अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद टेंडर ऑफर सितंबर 2026 की शुरुआत में शुरू होकर नवंबर 2026 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है। मई 2026 में Freight Tiger में करीब 18.1% अतिरिक्त हिस्सेदारी ₹95.66 करोड़ में खरीदने के बाद टाटा मोटर्स की कुल हिस्सेदारी करीब 63.6% हो गई और Freight Tiger उसकी सहायक कंपनी बन गई। कंपनी FleetEdge और Freight Tiger को जोड़कर लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के लिए एंड-टू-एंड डिजिटल इकोसिस्टम तैयार करने की योजना पर काम कर रही है।


