छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सत्याग्रह, सूर्या सोनल सिंह ने सरकार से उठाई बड़ी मांग



पलामू : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर समाहरणालय के सामने कचहरी परिसर में ‘झारखंड छात्र न्याय सत्याग्रह’ आयोजित किया गया। 10 अगस्त को रांची में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित एक दिवसीय धरना, सत्याग्रह और अनशन में छात्र, युवा, अभिभावक और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। युवा नेता सूर्या सोनल सिंह के नेतृत्व में पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, घायल छात्रों को मुआवजा व चिकित्सा सहायता और आंदोलनरत छात्रों से सरकार की तत्काल बातचीत की मांग की गई।


सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को दबाने के बजाय सरकार को संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलनकारी लाठी का जवाब लाठी से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से देंगे। सत्याग्रह में JPSC और JSSC नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा लंबित मामलों के समयबद्ध समाधान की मांग भी उठी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस पहल करे। कार्यक्रम के बाद मांगों से संबंधित ज्ञापन सदर अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा गया।


