JPSC-JSSC आंदोलन पर कांग्रेस का BJP पर हमला, बाहरी कैडर बुलाकर प्रदर्शन भड़काने का आरोप



रांची : JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच झारखंड कांग्रेस के चारों मंत्रियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर BJP पर गंभीर आरोप लगाए। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की ने दावा किया कि BJP ने छत्तीसगढ़, बंगाल और बिहार से अपने कैडर बुलाकर आंदोलन को उग्र बनाने की कोशिश की। राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि 10 अगस्त को कार्य मंत्रणा समिति में छात्रों के मुद्दे पर सदन में चर्चा का प्रस्ताव था, लेकिन BJP विधायक विधानसभा में चर्चा के बजाय मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए चले गए।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की और दावा किया कि छात्रों की सरकार से बातचीत की इच्छा है, लेकिन BJP ने आंदोलन को अपने कब्जे में ले लिया। कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने CBI जांच को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि JPSC-2 मामले की क्लोजर रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। वहीं शिल्पी नेहा तिर्की ने BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से उनके बयान पर माफी मांगने को कहा और दावा किया कि पुलिस ने केवल SOP का पालन किया।




