पूर्वी सिंहभूम पुलिस की दंगा-रोधी तैयारी मजबूत, मॉक ड्रिल में परखी गई जवानों की तत्परता
Oplus_16908288

जमशेदपुर : किसी भी आपातकालीन या संवेदनशील स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने पुलिस केंद्र, गोलमुरी में व्यापक दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस अधीक्षक (नगर), सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय क्षमता का परीक्षण किया गया।


अभ्यास के दौरान जवानों को भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों पर प्रभावी कार्रवाई, समन्वित अभियान संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयम, सतर्कता और रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही दंगा-रोधी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी, गैस मास्क सहित आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
वरीय पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की नियमित मॉक ड्रिल से पुलिसकर्मियों का आत्मविश्वास, दक्षता और परिचालन क्षमता बढ़ती है, जिससे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलती है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे अभ्यास आयोजित करने की बात कही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।


