दुलाल भुइयां के घर से लाखों के गहने चोरी, घरेलू कर्मी और उसके परिचित पर जताया संदेह, केस दर्ज



झारखंड : झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने अपने आवास से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि 21 जून 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे वह रोज की तरह स्नान करने जा रहे थे। स्नान से पहले उन्होंने अपने दाहिने हाथ की सोने की अंगूठी, रूबी जड़ा सोने का छल्ला और एक सोने का लॉकेट उतारकर घर की अलमारी में रखे एक बैग में सुरक्षित रख दिया। इसके कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने भी अपनी सोने की अंगूठी और सोने की चेन उसी बैग में रख दी और दूसरे बाथरूम में स्नान करने चली गईं।

दुलाल भुइयां के अनुसार, स्नान और पूजा-पाठ के बाद जब वे दोनों दोबारा अपने आभूषण लेने पहुंचे तो बैग में रखे सभी गहने गायब थे। घर में तलाश करने के बाद उनका शक घर की साफ-सफाई करने वाले कर्मी रामू कुमार पर गया, जो उस दिन अचानक काम अधूरा छोड़कर चला गया था। पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि रामू कुमार यह कहकर निकला था कि उसके रिश्तेदार और छायानगर निवासी मकान मालिक रंजनी मल्लिक ने उसे घर बुलाया है। बाद में संपर्क करने पर उसने तबीयत खराब होने सहित कई तरह के बहाने बनाए।
पूर्व मंत्री ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जब रामू कुमार और रंजनी मल्लिक से सीधे पूछताछ की गई तो दोनों ने चोरी की घटना से इनकार कर दिया। हालांकि दुलाल भुइयां ने दोनों पर संदेह जताते हुए कहा है कि छह महीने पहले रंजनी मल्लिक ही रामू कुमार को उनके घर काम पर लेकर आया था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि रामू कुमार बिहार का रहने वाला है और मोबाइल पर ऑनलाइन जुआ खेलने का आदी है। दुलाल भुइयां ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।


