गर्भवती महिला हत्याकांड के विरोध में सड़क जाम मामले में सांसद और विधायक समेत सात लोगों पर प्राथमिकी



बोकारो : बेरमो क्षेत्र में गर्भवती महिला की हत्या के बाद हुए सड़क जाम को लेकर मामला अब कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। सड़क जाम आंदोलन में शामिल होने के आरोप में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, डुमरी विधायक जयराम महतो सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, बोकारो जिले के डोरी पांच नंबर क्षेत्र में गर्भवती महिला की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तथा न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम किया था। आंदोलन के दौरान सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे थे तथा पीड़ित परिवार के समर्थन में अपनी बात रखी थी।
बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी के आवेदन पर दर्ज की गई प्राथमिकी के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गर्मा गया है। एक पक्ष इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम बता रहा है, जबकि समर्थकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों ने केवल जनता की आवाज उठाने का कार्य किया था।
उल्लेखनीय है कि गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन और बंद का कार्यक्रम वापस ले लिया गया था। इसके बावजूद सड़क जाम प्रकरण में दर्ज प्राथमिकी ने क्षेत्र में नई बहस को जन्म दे दिया है।
अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस मामले में आगे कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है और संबंधित जनप्रतिनिधि इस कार्रवाई पर क्या रुख अपनाते हैं।


