थिएटर आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशाला – 2026 का भव्य समापन समारोह सम्पन्न



ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल (झारखंड यूनिट) एवं ‘निशान’, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सप्ताहव्यापी “थिएटर आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशाला – 2026” का भव्य समापन समारोह सेंटर फॉर एक्सीलेंस (CFE), जमशेदपुर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री शाहनवाज आलम, उपाध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में श्री मोहम्मद निजाम, राष्ट्रीय अध्यक्ष – ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल, श्री जयप्रकाश शुक्ला, अध्यक्ष – निशान, जमशेदपुर तथा श्री देव महतो, अध्यक्ष – साईं गुरुकुल ट्रस्ट, आदित्यपुर शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल के झारखंड अध्यक्ष श्री श्याम Kumar ने किया। मंच पर कार्यशाला निदेशक श्री प्रदीप रजक भी उपस्थित रहे, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्री रवि कुमार, कार्यकारिणी सदस्य, निशान द्वारा प्रस्तुत किया गया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा कार्यशाला बैनर का सामूहिक विमोचन किया गया। अपने प्रारंभिक संबोधन में श्री श्याम कुमार ने कार्यशाला के उद्देश्य, युवाओं में रंगकला के प्रति बढ़ती रुचि तथा सृजनात्मक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद निशान के अध्यक्ष श्री जयप्रकाश शुक्ला ने स्वागत भाषण देते हुए संस्था की सांस्कृतिक गतिविधियों एवं रंगमंच के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कार्यशाला निदेशक श्री प्रदीप रजक ने कार्यशाला की उपलब्धियों, प्रशिक्षण प्रक्रिया एवं प्रतिभागियों के रचनात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला के दो प्रतिभागियों ने मंच पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति एवं रचनात्मक सोच को नई दिशा दी।
अपने संबोधन में श्री देव महतो ने युवाओं को कला एवं संस्कृति से जोड़ने के ऐसे प्रयासों की सराहना की। वहीं श्री मोहम्मद निजाम ने कहा कि ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल देश के लगभग सभी राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगमंचीय गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में झारखंड यूनिट द्वारा जमशेदपुर में इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को थिएटर, कला एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ना है।
मुख्य अतिथि श्री शाहनवाज आलम ने अपने संबोधन में कहा कि वे कई वर्षों से ‘निशान’ संस्था से जुड़े हुए हैं तथा संस्था द्वारा कला एवं रंगमंच के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने संस्था की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता एवं सामाजिक योगदान की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी अपनी ओर से हर संभव सहयोग एवं समर्थन देने का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत सुश्री दिशा नायक द्वारा आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद कार्यशाला प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए कस्टम मास्क, बैकड्रॉप्स, स्टेज क्राफ्ट एवं अन्य कलात्मक सामग्रियों का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसकी जानकारी श्री प्रदीप रजक द्वारा दर्शकों को दी जाती रही।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण संस्था के पूर्व अभिनय कार्यशाला के बच्चों द्वारा प्रस्तुत लगभग 8 मिनट का प्रभावशाली नाटक “बाबा साहेब का सपना” रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। नाटक ने सामाजिक समानता, शिक्षा एवं मानवाधिकार के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
समारोह के अंत में सभी कार्यशाला प्रतिभागियों, नाटक कलाकारों एवं नृत्य कलाकारों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम उपरांत सभी अतिथियों एवं दर्शकों के लिए चाय एवं बिस्किट की व्यवस्था की गई तथा प्रतिभागियों को स्नैक्स पैकेट वितरित किए गए।
ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल (झारखंड यूनिट) एवं ‘निशान’, जमशेदपुर ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों, कलाकारों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


