अभिषेक बनर्जी के घर CID की दस्तक, बंद मिला दरवाजा, जाली हस्ताक्षर मामले में बढ़ा सस्पेंस



कोलकाता :पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को हलचल तेज हो गई, जब सीआईडी की टीम तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास ‘शांतिनिकेतन’ पहुंची. यह कार्रवाई विधानसभा में शोभनदेव चट्टोपाध्याय के समर्थन पत्र पर कथित जाली हस्ताक्षर मामले की जांच के सिलसिले में की गई. हालांकि सीआईडी अधिकारियों को घर का दरवाजा बंद मिला और अभिषेक बनर्जी वहां मौजूद नहीं थे.

करीब चार अधिकारियों की टीम कुछ देर तक आवास के बाहर इंतजार करती रही. बाद में घर से बाहर आए एक व्यक्ति ने बताया कि अभिषेक बनर्जी घर पर नहीं हैं. इसके बाद अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और लौट गए. एहतियात के तौर पर हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस को भी आवास के बाहर तैनात रखा गया.
जांच उस समर्थन पत्र से जुड़ी है, जिसे विधानसभा सचिवालय में विपक्ष के नेता पद के लिए शोभनदेव चट्टोपाध्याय के समर्थन में जमा किया गया था. कुछ विधायकों के हस्ताक्षरों की प्रामाणिकता पर सवाल उठने के बाद मामला दर्ज हुआ और सीआईडी ने जांच शुरू की. इस मामले में कई टीएमसी विधायकों से पूछताछ भी की जा चुकी है.


