राशन घोटाले का आरोप लगाकर डीलर ने डीसी से लगाई गुहार, सप्लाई व्यवस्था पर उठे सवाल



जमशेदपुर : बर्मामाइंस खाद्यान्न गोदाम और डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था में गड़बड़ी और हेराफेरी का आरोप लगाते हुए एक राशन डीलर ने उपायुक्त राजीव रंजन से शिकायत की है। टेल्को के खड़ंगाझार स्थित जन वितरण प्रणाली दुकानदार मनोज गुप्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद राशन वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

डीलर का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से खाद्यान्न आपूर्ति के दौरान आधिकारिक पावती रसीद नहीं दी जा रही है। साथ ही कई बार राशन की वास्तविक आपूर्ति किए बिना ही ऑनलाइन डिलीवरी दिखाकर डिजिटल रिसीविंग का दबाव बनाया जाता है। उनका कहना है कि मई माह का राशन भी अब तक नहीं पहुंचा, जिससे कार्डधारकों को समय पर अनाज नहीं मिल पा रहा है।
शिकायत में वजन में कटौती और ढुलाई के नाम पर अवैध वसूली का आरोप भी लगाया गया है। डीलर ने कहा कि प्रति क्विंटल लगभग दो किलो खाद्यान्न कम दिया जाता है और आवाज उठाने पर लाइसेंस रद्द करने की धमकी दी जाती है। राशन दुकानदारों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।


