अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, तीन ठिकाने ध्वस्त, कारोबारियों में हड़कंप



सरायकेला-खरसावां : जिले के खरसावां क्षेत्र के कटीडीरी गांव में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने तीन अवैध महुआ शराब निर्माण अड्डों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी नष्ट की गई।

उत्पाद विभाग की टीम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया। विभाग के पहुंचते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने कहा कि संबंधित लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई हो सके।


