वैट रिटर्न से मिली राहत पर पेट्रोलियम डीलर्स खुश, सरकार के फैसले का स्वागत



रांची : झारखंड में पेट्रोल-डीजल कारोबार से जुड़े डीलरों को वैट रिटर्न प्रक्रिया में राहत मिलने के बाद पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य के वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया है। एसोसिएशन की साउथ छोटानागपुर एक्सक्यूटिव कमिटी की बैठक में इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा गया कि इससे डीलरों पर अनावश्यक कागजी कार्यवाही और प्रशासनिक दबाव कम होगा।

बैठक में बताया गया कि पेट्रोल और डीजल पर वैट की राशि डीलर पहले ही तेल कंपनियों को भुगतान कर देते हैं, इसके बावजूद हर महीने और तिमाही रिटर्न दाखिल करना पड़ता था। इस प्रक्रिया से छोटे और मध्यम स्तर के पेट्रोल पंप संचालकों को अधिक परेशानी होती थी। अब नियमों में राहत मिलने से समय और संसाधनों की बचत होगी और कारोबारी अपने व्यवसाय पर बेहतर तरीके से ध्यान दे सकेंगे।
एसोसिएशन अध्यक्ष राजहंस मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नीरज भट्टाचार्य, विनोद रंजन, कमलेश सिंह, मानस सिन्हा, सुबोध दुबे, प्रशांत चौधरी, निपुण मृणाल, विनीत कुमार, प्रमोद कुमार और राहुल जायसवाल समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने सरकार के इस फैसले को व्यापारियों के हित में बड़ा कदम बताया।


