फुटबॉलर दिव्यानी लिंडा के परिवार से मिले संजय सेठ, भाई के इलाज और नए घर का दिया भरोसा



रांची : अंडर-17 महिला फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के परिवार से केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने मुलाकात की और उनके भाई के इलाज में मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यानी के भाई का इलाज रिम्स में कराने की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान संजय सेठ ने दिव्यानी को “विकसित भारत की ब्रांड एंबेसडर” बताते हुए उनके संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना की।

जानकारी के अनुसार, दिव्यानी बेहद साधारण परिवार से आती हैं। उनकी मां दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि उनका भाई कमर के नीचे से लकवाग्रस्त है। संजय सेठ ने कहा कि छोटी सी झोपड़ी में दिव्यानी की 50 से ज्यादा ट्रॉफियां और मेडल रखे हैं, जो उनकी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाते हैं। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया और दुर्गा पूजा से पहले नया घर बनवाने की भी घोषणा की।
दिव्यानी लिंडा ने बताया कि वह बचपन से फुटबॉल खेलना चाहती थीं और हर सुबह 4 बजे उठकर अभ्यास करती थीं। उन्होंने अंडर-16 SAFF टूर्नामेंट और अंडर-17 प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। अब उनका सपना भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाकर वर्ल्ड कप खेलना है।


