कांग्रेस का बड़ा दांव: झारखंड में 23 नए प्रवक्ता नियुक्त, चुनावी रणनीति को मिलेगी नई धार



रांची : आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के “टैलेंट हंट” अभियान के तहत झारखंड कांग्रेस ने अपने मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग का पुनर्गठन करते हुए राज्यभर से 23 नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के हस्ताक्षर से नई अधिसूचना जारी की गई है।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार नई टीम का मुख्य उद्देश्य मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियानों के जरिए पार्टी की नीतियों और मुद्दों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठन विस्तार, मीडिया प्रबंधन और आगामी चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने यह रणनीतिक फैसला लिया है। नई टीम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखेगी।
दक्षिणी छोटानागपुर, उत्तरी छोटानागपुर, पलामू, कोल्हान और संथाल परगना प्रमंडलों से नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इनमें सुनील सिंह, कमल ठाकुर, शकील अख्तर, सोनल शांति, सौम्यन सुंडी, प्रताप कुमार यादव, एकरामुल हसन, मंजुला हांसदा समेत कई नाम शामिल हैं। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि नई मीडिया टीम संगठन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करेगी और राज्य में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता को नई गति देगी।


