डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, महंगाई से राहत की मांग,जिलाध्यक्ष कामेश्वर यादव के निर्देश पर महुआडांड़ में जुटे कांग्रेसी, सैकड़ों लोगों ने किए हस्ताक्षर



महुआडांड़ (लातेहार): कांग्रेस प्रदेश कमेटी के आदेशानुसार जिलाध्यक्ष लातेहार कामेश्वर यादव के निर्देश पर मंगलवार को महुआडांड़ में डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस कमिटी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

पेट्रोल पंप परिसर में चला अभियान
यह अभियान मंगलवार शाम 5 बजे महुआडांड़ पेट्रोल पंप परिसर में आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष नूरुल हसन अंसारी ने किया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लेकर हस्ताक्षर किए और बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
“आम जनता की कमर टूट गई”: कांग्रेस
अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। इसका सबसे अधिक असर किसानों, मजदूरों, छात्रों, मध्यमवर्गीय परिवारों तथा छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है।
किसानों का बजट बिगड़ा
नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण खेती-किसानी की लागत बढ़ गई है, वहीं आम लोगों का घरेलू बजट भी पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाकर केंद्र सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्देश्य: कीमतों में तत्काल कमी
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में तत्काल कमी कराना तथा आम लोगों को महंगाई से राहत दिलाना है। साथ ही किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों की रक्षा की मांग भी उठाई गई।
ये रहे मौजूद
मौके पर कांग्रेस प्रदेश ज्वाइंट सेक्रेटरी कांता एक्का, जिला महासचिव रामनरेश ठाकुर, प्रखंड उपाध्यक्ष नसीम अंसारी, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आमिर सुहेल, युवा सचिव सद्दाम आलम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


