योगासन चैंपियनशिप में 240 खिलाड़ियों का दम, 77 साल की प्रतिभागी ने सबको चौंकाया


जमशेदपुर : वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासना स्पोर्ट्स (डब्ल्यूएफएफवाइएस) झारखंड चैप्टर और सरकार योगा एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन स्कूल सभागार में तृतीय झारखंड स्टेट योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राज्यभर से 5 वर्ष से लेकर 77 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 240 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 12 अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिसमें दिव्यांग बच्चों के लिए ‘स्टार कैटेगरी’ और महिलाओं के लिए ‘मॉम्स कैटेगरी’ आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सरयू राय, सामाजिक कार्यकर्ता आलोक मल्होत्रा और आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सत्यनारायण ने किया। प्रतियोगिता में 77 वर्षीय जयश्री चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। उन्होंने हैंड स्टैंड जैसे कठिन योगासन कर दर्शकों को चौंका दिया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड टीम का चयन किया जाएगा, जो 26 से 28 जून 2026 तक हरिद्वार में होने वाली नेशनल योगासना स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।


