भीषण गर्मी पर सख्ती, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश जारी


जमशेदपुर :झारखंड के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिले निर्देशों के बाद उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के सभी विभागों और कार्यालय प्रमुखों को जरूरी आदेश जारी किए हैं। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसरों, सार्वजनिक स्थानों, पार्क-चौराहों और आम लोगों के आवागमन वाले इलाकों में साफ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकलों और जलमीनारों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। जरूरत पड़ने पर टैंकर से पानी सप्लाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सभी कार्यालय प्रमुखों को अपने कार्यालय और आवासीय भवनों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कर उसकी तस्वीर उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और नगर निकायों के अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल उपलब्ध कराने और खराब चापाकलों व जलमीनारों की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


