15 दिनों से बिजली के नए पोल गिरे हुए है…..बहेरा टोली रोड में बिजली व्यवस्था चरमराई, ग्रामीणों ने मजबूत पोल लगाने और कार्रवाई की उठाई मांग….विभाग का दावा जल्द ठीक होगी समस्याएं


महुआडांड़: महुआडांड़ प्रखंड के बहेरा टोली रोड में बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में कुछ महीनों पहले ही नए बिजली पोल लगाए गए थे, लेकिन अब उन पोलों के गिरने से इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बताया जा रहा है कि बिजली पोल गिरे करीब 15 दिन हो चुके हैं, बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग द्वारा कमजोर और घटिया गुणवत्ता वाले बिजली पोल लगाए गए हैं, जिसके कारण नए पोल भी ज्यादा दिन तक टिक नहीं सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मजबूत और मानक गुणवत्ता के पोल लगाए गए होते, तो इतनी जल्दी पोल गिरने जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।ग्रामीणों ने बताया कि पोल गिरने के कारण कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। पेयजल की समस्या बढ़ गई है, मोबाइल चार्जिंग से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से रोजमर्रा का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि गिरे हुए पोल और खुले बिजली तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मजबूत व्यवस्था नहीं की गई, तो भविष्य में जान-माल का नुकसान भी हो सकता है।बहेरा टोली के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में मजबूत, टिकाऊ और मानक गुणवत्ता वाले बिजली पोल लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।ग्रामीणों का कहना है कि विकास योजनाओं में लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
विभागीय सूत्र
विभागीय सूत्रों के अनुसार, अगले 2 से 4 दिनों के भीतर कार्य में सुधार कर बिजली व्यवस्था बहाल करने की बात कही गई है।



