महुआडांड़ में किसानों के मुद्दे पर भाजपा का प्रखंड कार्यालय घेराव, राज्यपाल के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन


महुआडांड़: महुआडांड़ में किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल के नाम एक तीखा ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के हाथों सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित जायसवाल एवं प्रशांत सिंह ने संयुक्त रूप से की।प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों के साथ वादाखिलाफी, उपेक्षा और किसान विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि राज्य के किसान धान का उचित मूल्य, खाद-बीज की कमी, फसल क्षति और बिजली संकट जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार समाधान निकालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किसानों से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक कोई वादा धरातल पर नहीं उतर सका। किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य देने और समय पर भुगतान करने का वादा भी अधूरा है। हजारों किसान अब भी अपने बकाया भुगतान के इंतजार में हैंभाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि राज्य में खाद और यूरिया की कालाबाजारी चरम पर है। किसानों को मजबूरी में ऊंचे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। वहीं बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है।नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आंदोलन को और उग्र करेगी। ज्ञापन के माध्यम से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल लागू करने, बकाया भुगतान जल्द करने, मुफ्त बिजली, सिंचाई सुविधा मजबूत करने और किसानों को सस्ती दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई।मौके पर भाजपा नेता राम जायसवाल, जड्डू, अनिल कुमार, आनंद किशोर नाथ शाह, मोहन यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



