रेलवे फाटक के पास खुला गड्ढा बना खतरा, बारिश में हादसे की बढ़ी आशंका


पश्चिमी सिंहभूम : नोवामुंडी रेलवे फाटक के पास केबल बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को खुला छोड़ देने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बिना किसी बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड के खुले पड़े ये गड्ढे अब राहगीरों के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं और मरीज गुजरते हैं। खासकर मध्य विद्यालय नोवामुंडी बाजार जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षा उपाय करने, गड्ढों को भरवाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह सड़क अस्पताल और दैनिक आवागमन का प्रमुख मार्ग है, इसलिए यहां तुरंत व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए।


