नसबंदी ऑपरेशन में बड़ी लापरवाही, फौजी की बिगड़ी हालत से मचा हड़कंप


गढ़वा : सदर अस्पताल में पुरुष नसबंदी ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। कुड़ी गांव निवासी और थल सेना के जवान सर्वजीत उपाध्याय की ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने बिना एनेस्थीसिया दिए ही चीरा लगा दिया, जिससे जवान दर्द से तड़प उठा। बाद में टांका लगाकर उसे घर भेज दिया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।

तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे, जहां बुधवार सुबह डॉ मनीष लाल की टीम ने दोबारा ऑपरेशन किया। परिजनों के मुताबिक, रक्तस्राव के कारण मरीज का हीमोग्लोबिन 16.5 ग्राम से घटकर 13 ग्राम हो गया। मामले को लेकर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने कहा है कि मरीज की हालत फिलहाल सामान्य है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।


