सिदगोड़ा ट्रिपल मर्डर से सनसनी: पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद शवों के पास बैठा मिला आरोपी पिता


जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित क्वार्टर नंबर एल5/13 में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह को घटना स्थल से ही हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी सरिता सिंह के शव के पास बैठा हुआ था। मौके से पुलिस ने एक हथौड़ा और कुल्हाड़ी भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद रविंद्र ने खुद को जलाने की कोशिश की थी।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी ऋषभ त्रिवेदी और सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को घर के अलग-अलग कमरों से तीन शव बरामद हुए। बेटे रविषेक का शव एक कमरे में बेड पर मिला, जबकि बेटी सुप्रिया सिंह का शव दूसरे कमरे में पड़ा था। वहीं पत्नी सरिता सिंह का शव किचन में मिला।
एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन वह खुद को मानसिक रूप से बीमार बता रहा है। हालांकि अब तक उसने हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है। फिलहाल पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
दिल्ली में रहने वाली बेटी के फोन से खुला मामला
पड़ोस में रहने वाले गंगाधर पांडेय के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली में रहने वाली रविंद्र की बेटी का फोन आया। उसने बताया कि घर के लोग फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद पड़ोसी रविंद्र के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
कुछ देर बाद रविंद्र की साली अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंची। साली का बेटा पीछे की ओर से घर के अंदर घुसा। बताया जाता है कि रविंद्र ने पीछे से दरवाजा खोला और सभी को वहां से चले जाने को कहा। उस समय उसके शरीर पर खून के निशान थे। इसके बाद लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन रिस्पांस नहीं मिलने पर वे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
फोरेंसिक टीम ने किया सीन रीक्रिएट
घटना के बाद पुलिस की फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने सीन को रीक्रिएट किया ताकि यह समझा जा सके कि हत्याकांड को किस तरह अंजाम दिया गया। पूरे इलाके में इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है।



