मानगो पुल पर ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही से लगा भीषण जाम, छोटा पुलिया तक हंगामा


जमशेदपुर : मानगो पुल पर ट्रैफिक व्यवस्था एक बार फिर पूरी तरह चरमरा गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से लगे भीषण जाम के कारण मानगो पुल से लेकर छोटा पुलिया तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।जाम की वजह से दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आम लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे। कई जगहों पर वाहन चालकों और राहगीरों के बीच बहस और हंगामे की स्थिति भी बन गई। लोगों का कहना था कि ट्रैफिक पुलिस की उचित तैनाती नहीं होने और अव्यवस्थित यातायात के कारण स्थिति और खराब हुई।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मानगो पुल क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है। लगातार बढ़ते वाहनों और निर्माण कार्य के कारण इस इलाके में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।


