मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मौत के बाद सड़क जाम


चतरा : वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जोरी खुर्द निवासी कैलाश साहू की 52 वर्षीय पत्नी अंजू देवी मॉर्निंग वॉक के साथ पूजा के लिए फूल तोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे से नाराज लोगों ने एनएच-22 गया-चतरा सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


