कोयला तस्करों के आतंक से अफसरों में दहशत, सामूहिक ट्रांसफर की मांग के बाद बड़ा एक्शन


धनबाद : बीसीसीएल के बाघमारा स्थित ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला तस्करों के बढ़ते दबदबे और अधिकारियों पर हो रहे हमलों के बाद प्रबंधन हरकत में आ गया है। असुरक्षा के माहौल से परेशान अधिकारियों ने सामूहिक तबादले की मांग करते हुए सीएमडी को पत्र भेजा था। अधिकारियों का कहना था कि लगातार धमकी, मारपीट और गाली-गलौज के बीच काम करना मुश्किल हो गया है.

मामला सामने आने के बाद बीसीसीएल मुख्यालय से जीएम सिक्योरिटी हफीजुद्दीन कुरैशी ब्लॉक-दो क्षेत्र पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय महाप्रबंधक कुमार रंजीव समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर कई अहम फैसले लिए। संवेदनशील इलाकों में सीआईएसएफ की क्यूआरटी तैनात करने और गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
जीएम सिक्योरिटी ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा प्रबंधन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि तबादला समस्या का समाधान नहीं है और कोयला चोरी रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा ताकि अधिकारी बिना डर के काम कर सकें।


