बिना डॉक्टर चल रहा था अस्पताल में ऑपरेशन, जांच में खुला चौंकाने वाला मामला


गढ़वा : जिले में एक निजी अस्पताल में बिना योग्य डॉक्टरों के ही ऑपरेशन किए जाने का बड़ा खुलासा हुआ है। सदर एसडीएम संजय कुमार की छापेमारी और जांच के दौरान अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे मरीजों की जान खतरे में डालकर इलाज किए जाने की बात उजागर हुई। जांच में पाया गया कि अस्पताल में कई सर्जरी बिना विशेषज्ञ चिकित्सक की मौजूदगी के ही की जा रही थीं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अस्पताल का रजिस्ट्रेशन जिस डॉक्टर के नाम पर है, वह सरकारी सेवा में दूसरे अस्पताल में तैनात हैं और यहां मौजूद नहीं रहते। इसके बावजूद अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर चालू था और मरीज भर्ती थे, लेकिन इलाज के लिए कोई योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं था। कुछ संदिग्ध नामों के जरिए इलाज और सर्जरी की जा रही थी, जिनकी शैक्षणिक योग्यता भी स्पष्ट नहीं थी.
एसडीएम ने इस मामले को गंभीर लापरवाही और नियमों का उल्लंघन बताते हुए जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


