राजनगर अस्पताल की घटना पर भाजपा का धरना, दोषियों पर कार्रवाई और 50 लाख मुआवजे की मांग

0
Advertisements
Advertisements

Saraikela: राजनगर अस्पताल की घटना पर भाजपा ने धरना प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए मृतकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है. बता दे कि जिले के राजनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान कल माँ और नवजात की मौत हो गई थी. इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. घटना के विरोध में सोमवार (04 मई 2026) को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया है. बताया जा रहा है कि राजनगर प्रखंड के सरकारी अस्पताल में बिजली और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में मोबाइल की रोशनी में प्रसव कराने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान विनीता बानरा और उनके नवजात शिशु की मौत हो गई. इस घटना को लेकर भाजपा ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. धरना स्थल पर मौजूद पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री केवल औपचारिकताएं निभा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हो रहा है. भाजपा नेताओं ने इसे “संस्थागत विफलता” करार देते हुए कहा कि 21वीं सदी में भी अस्पतालों में बिजली और बैकअप जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बेहद शर्मनाक है. पार्टी के प्रदेश मंत्री ने प्रशासन पर मामले को दबाने और दोषियों को बचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है. जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की स्थिति मजाक बनकर रह गई है. उन्होंने चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाने की घटना का भी जिक्र करते हुए सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया. भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई है. धरना के दौरान मृतका के पति ने भी न्याय की गुहार लगाई. प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा. मौके पर पूर्व विधायक अनंत राम टुडू, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला मंत्री सूर्या देवी, भुवनेश्वर महतो, बलदेव मंडल, प्रखंड अध्यक्ष मनसा लोहार, उज्ज्वल मोदक, सुखदेव गौड़, मुरली प्रधान, बीजू दत्ता, साधन महतो, माईकल महतो, पिंकी मोदक समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed