वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो अवैध आरा मिल ध्वस्त, मशीनें और लकड़ी का जखीरा जब्त


गिरिडीह : देवरी अंचल के बरवाबाद टोला मंडरो बाजार और बैरिया गांव में अवैध रूप से संचालित दो आरा मिलों पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। रविवार को की गई इस छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से दोनों आरा मिलों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

गावां रेंज के रेंजर अनिल कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में लकड़ी चिराई में इस्तेमाल होने वाले ट्रॉली मशीन, जनरेटर समेत कई उपकरण जब्त किए गए। साथ ही करीब 12 ट्रैक्टर लकड़ी के बोटे भी बरामद किए गए, जिनमें साल, नीम, कटहल, करंज और अन्य प्रजातियों की लकड़ियां शामिल थीं।
वन विभाग ने बताया कि अवैध आरा मिल संचालन की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। दोनों संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


