महुआडांड़ में मानवता की मिसाल: बेसहारा बच्चों को नई जिंदगी दे रहा आरपीएस सेवा संस्थान


महुआडांड़ (लातेहार):प्रखंड क्षेत्र में आरपीएस सेवा संस्थान जरूरतमंद और अनाथ बच्चों के लिए सहारा बनकर उभर रहा है। हाल ही में चार और बच्चों को संस्थान में शामिल किया गया, जिससे उनके जीवन को सुरक्षित और बेहतर दिशा देने की पहल की गई है। लगातार ऐसे मामलों में आगे आकर संस्थान समाज के कमजोर तबके के लिए उम्मीद की किरण साबित हो रहा है।अक्सी पंचायत के सुग्गा बांध गांव के निवासी एक पिता ने अपनी दो छोटी बेटियों को संस्थान में दाखिल कराया। पारिवारिक संकट और मां के निधन के बाद बच्चों की देखभाल करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा था। ऐसे में बच्चों की शिक्षा और परवरिश को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संस्थान का सहारा लिया।वहीं, गुरदरी थाना क्षेत्र के तेवरपानी गांव से भी एक महिला ने अपने दोनों बच्चों को यहां भेजा। पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभालना उनके लिए चुनौती बन गया था। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया।संस्थान के जिम्मेदारों का कहना है कि वे लगातार ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें आश्रय दे रहे हैं, जिन्हें देखभाल और शिक्षा की जरूरत है। अब तक दर्जनों से अधिक बच्चों को यहां रहने, खाने और पढ़ाई की सुविधा दी जा चुकी है। संस्थान बच्चों के संपूर्ण विकास पर ध्यान देते हुए उन्हें अनुशासन और संस्कार भी सिखा रहा है।बच्चों की पढ़ाई के लिए स्थानीय स्तर पर अच्छे विद्यालय में नामांकन कराया गया है, ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा मिल सके और वे आगे चलकर आत्मनिर्भर बन सकें।इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के प्रयास समाज में नई सोच पैदा करते हैं और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम करते हैं।



