गोपाल मैदान में आज जुटेगा जनसैलाब, 4 राज्यों से हजारों लोग—भव्य आयोजन को लेकर उत्साह


जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में शनिवार को भूमिज विद्रोह के नायक वीर शहीद गंगानारायण सिंह की 236वीं जयंती बड़े पैमाने पर मनाई जाएगी। इस अवसर पर झारखंड, ओडिशा, असम और पश्चिम बंगाल से करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

आयोजकों के अनुसार सुबह पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। दिन में चारों राज्यों से आए कलाकार मांदर और नगाड़े की थाप पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में समाज के मुद्दों पर चर्चा के साथ विशाल जनसभा भी आयोजित होगी।
बताया गया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपक बिरूआ और चमरा लिंडा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए 200 से अधिक वॉलंटियर ट्रैफिक और व्यवस्था संभालेंगे। यह कार्यक्रम समाज के इतिहास और वीर गंगानारायण सिंह के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास भी माना जा रहा है।


