भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती से बवाल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा… सड़क जाम की चेतावनी


रांची : अनगड़ा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यहां रोजाना कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, बेरवाड़ी सब स्टेशन से जुड़े जोन्हा फीडर में बार-बार तकनीकी खराबी आती है। करीब 20-20 किलोमीटर लंबी लाइन होने के कारण कहीं भी छोटा फॉल्ट होने पर पूरे फीडर की बिजली काट दी जाती है। इसके अलावा 25-30 साल पुराने जर्जर तार जंगलों के बीच से गुजरते हैं, जहां पेड़ों की डालियों से टकराने या हल्की हवा में भी फॉल्ट हो जाता है, जिससे घंटों सप्लाई बाधित रहती है।
बिजली की इस बदहाल व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। समाजसेवी जयराम महली ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा और रांची-मुरी मुख्य मार्ग को जाम किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि इसके लिए बिजली विभाग और प्रशासन जिम्मेदार होगा।


