अंडर-19 महिला क्रिकेट में धमाका, गुमला-सिमडेगा की शानदार जीत, बड़े अंतर से विरोधी पस्त


गुमला : शहीद तेलंगा खड़िया क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित जेएससीए इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत खेले गए मुकाबलों में गुमला और सिमडेगा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पहले मैच में गुमला ने खूंटी को 4 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में सिमडेगा ने पलामू को 203 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया।

पहले मैच में खूंटी ने टॉस जीतकर 20 ओवर में 8 विकेट पर 131 रन बनाए, जिसमें ऋषिका ने 32 और दिव्या कुमारी ने नाबाद 24 रन बनाए। जवाब में गुमला ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। सीमा कुमारी (31 रन), अंतरा कुमारी (नाबाद 34 रन) और मेघा तिर्की (23 रन) ने अहम योगदान दिया। सीमा और अंतरा को संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
दूसरे मुकाबले में सिमडेगा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन बनाए। लक्ष्मी कुमारी (57), माही आनाया (नाबाद 49) और अनाया सत्ती (44) ने शानदार पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलामू की टीम सिर्फ 25 रन पर सिमट गई। सिमडेगा की ओर से ईशा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।


